अमरोहा। चैत्र नवरात्र के सातवें दिन सोमवार को मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना विधिविधान के साथ की गई। आज अष्टमी मनाई जाएगी। जिले भर में उत्साह का माहौल नजर आया। घर और मंदिरों में रहकर माता रानी की आराधना की गई। मंदिरों में भजन कीर्तन कर माता रानी का गुणगान हुआ।
पंडित आशुतोष त्रिवेदी ने बताया कि नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा की गई। मां दुर्गा के नौ स्वरूपों में सातवां रूप देवी कालरात्रि है। इसलिए नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा होती है। स्याह रात्रि के समान माता का स्वरूप काला है। कालरात्रि माता गर्दभ की सवारी करती हैं। मां काली को शुभकारी भी कहते हैं। दानव, दैत्य, राक्षस, भूत, प्रेत आदि इनके स्मरण मात्र से ही भयभीत होकर भाग जाते हैं। यह ग्रह-बाधाओं को भी दूर करने वाली देवी हैं। उधर, आठवें दिन मंगलवार को मां भगवती की विशेष पूजा की जाएगी।