मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत रविवार को जोया के एक बैंक्वेट हॉल में 116 जोड़ों की शादी कराई गई। एक ही पंडाल में एक तरफ मंत्रोच्चारण की गूंज सुनाई दी, ताे दूसरी ओर मौलवी ने निकाह की रस्म पूरी कराई। सांसद कंवर सिंह तंवर और विधायक राजीव तरारा समेत डीएम व अन्य अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों का आशीर्वाद दिया।
दिल्ली रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 116 जोड़े जीवनभर के लिए एक दूजे के हो गए। इसमें 65 हिंदू और 55 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। सांसद कंवर सिंह तंवर ने नवयुगलों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि जरूरतमंद परिवारों के लिए सरकार की यह महत्वपूर्ण योजना है। विवाह सूत्र में बंधे सभी नवयुगल एक नए जीवन की शुरुआत करें।
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि पति-पत्नी के बंधन को मजबूती के साथ निभाते हुए एक दूसरे का ख्याल रखें और सुखमय जीवन यापन करें। कार्यक्रम में 110 जोड़े जोया विकास खंड व छह जोड़े नगर पंचायत जोया के शामिल रहे। आयोजन को लेकर सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी पंखुड़ी जैन सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं को देखते रहे। आयोजन में बीएसए डॉ. मोनिका, एडीपीआरओ विमल कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अलका चौधी, जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी शिखा शर्मा समेत भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी शामिल रहे।