गांव मनौटा में पुराने मकान का लिंटर तोड़ते समय मलबे की चपेट में आकर कक्षा दस के छात्र अभिषेक (15) की मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
हसनपुर क्षेत्र के गांव मनौटा में रविवार को गांव निवासी बालीचंद के पुराने मकान का लिंटर तोड़ा जा रहा था। मोहल्ले के ही रहने वाले पूर्व प्रधान रामपाल सिंह का बेटा अभिषेक वहां खड़ा होकर लिंटर देख रहा था। शाम के समय लिंटर का कुछ मलबा नीचे गिर गया। इसकी चपेट में आकर अभिषेक घायल हो गया। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
परिजन आनन-फानन में घायल को उपचार के लिए गजरौला ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक तीन भाई बहनों में बड़ा था। वह पास के ही एक इंटर काॅलेज में कक्षा दस का छात्र था। बिना किसी कानूनी कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी की जा रही है। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि मामले में अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।