गजरौला। दहेज में दो लाख रुपये व कार की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता का उत्पीड़न किया। पुलिस ने विवाहिता की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अमरोहा के हुसैनपुरा मोहल्ला निवासी रीनू का कहना है कि उनकी शादी नवंबर-22 में सुल्तान नगर मोहल्ले के दीपेंद्र के साथ की गई। शादी में परिजनों ने हैसियत से भी अधिक दान दहेज दिया। मगर इस पर भी ससुराल वाले खुश नहीं थे। वह दो लाख रुपये व कार की मांग करते थे। पिछले साल आठ नवंबर को पति व ससुर ने उससे दहेज की मांग दोहराई। जिसे पूरा करने में असमर्थता जताने पर पति दीपेंद्र, ससुर गुलाब सिंह, सास सुदेश कुमारी व ननद अनामिका ने मारपीट और गाली गलौज कर उसे घर से निकाल दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर मनोज कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद