सैदनगली के गांव सकतपुर में पथराव के बाद घर में पड़े ईंट पत्थर।
- फोटो : JPNAGAR
उझारी/सैदनगली (अमरोहा)। बरात चढ़त के दौरान हुई मारपीट का बदला लेने के लिए दबंगों ने घर में घुसकर दंपती के साथ मारपीट की। जमकर पथराव किया। दंपती की चीखपुकार सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। दबंगों ने छह राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाई। बाद में खुद को घिरा देख आरोपी दो बाइक छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने बाइकों को कब्जे में ले लिया है।
बुधवार को नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के गांव ढक्का से सैदनगली थानाक्षेत्र के गांव सकतपुर में बरात गई थी। बरात चढ़त के दौरान घराती और बरातियों में मारपीट हो गई। इस दौरान गांव के जिम्मेदार लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कर दिया। शाम को बरात भी सकुशल विदा हो गई। गुरुवार को दूल्हे पक्ष के कुछ लोग सकतपुर गांव पहुंच गए। संभ्रांत लोगों की पंचायत हुई। दोनों पक्षों में सुलह-समझौता करा दिया। दोपहर बाद गांव के कुछ युवक दुल्हन के घर पहुंच गए और गाली गलौज शुरू कर दी। दुल्हन के माता-पिता ने विरोध किया तो दबंगों ने दंपती और बच्चों के साथ मारपीट की। मारपीट में दंपती समेत चार लोग जख्मी हो गए। दंपती की चीखपुकार सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने आरोपियों की घेराबंदी की तो दबंगों छह राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाई। इसके बाद आरोपी दो बाइक छोड़कर भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया है। पीड़ित नेमपाल ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दे दी है। उन्होंने पत्नी के सोने के कुंडल लूटने की कोशिश का भी आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष मोहित चौधरी ने बताया कि डीजे पर हो रहे डांस को लेकर कुछ लोगों में झगड़ा हो गया था। तहरीर मिली है तहरीर के आधार कार्रवाई की जाएगी।