अमरोहा। जीएसटी को लेकर आज व्यापारियों ने भारत बंद का एलान किया था। लेकिन, उसका असर यहां पर किसी भी क्षेत्र में नहीं हुआ। यहां तक कि अमरोहा शहर के साथ ही हसनपुर, गजरौला, मंडी धनौरा समेत सभी जगहों पर दुकानें खुली रहीं और लोगों ने खरीदारी की।
जीएसटी कर प्रणाली को सरल करने के बजाय बेहद जटिल करने के खिलाफ भारत बंद का एलान किया गया था। व्यापारियों से कहा गया था कि वे सभी अपनी दुकानें बंद कर जीएसटी का विरोध करें। लेकिन, यहां पर एक भी दुकानदार समर्थन में नहीं उतरा। लिहाजा, सभी दुकानें खुली रहीं। इसको लेकर व्यापारी नेताओं ने कहा, अमरोहा में बंद होता ही नहीं। उनको इस आंदोलन से कोई भी लेना देना नहीं है। वहीं हसनपुर, गजरौला, मंडी धनौरा में भी दुकानें रोज की तरह खुली रहीं और लोगों ने खरीदारी की। व्यापारी नेताओं ने बताया कि वे जिस संगठन से जुड़े हैं उनके मुखिया का बंद को लेकर कोई निर्देश नहीं मिला है और न तो मुखिया बंद के समर्थन में हैं। इसलिए जिले की सभी दुकानें खुली थी।