सैदनगली(अमरोहा)। कोरोना वायरस को लेकर सैदनगली में शुक्रवार को लगने वाला साप्ताहिक पुलिस ने बंद करा दिया। कस्बे में पैठ बाजार और नखासा बाजार नहीं लग पाया। दूर दराज से आए दुकानदार और ग्रामीण मायूस लौट गए। इस बाजार में कई गावों की भीड़ जुटती थी।
सैदनगली में शुक्रवार के दिन नखासा बाजार और पैठ बाजार लगता है। जिसमें आसपास के कई गांवों के दुकानदार अपना सामान बेचने के लिए आते हैं। वहीं पंद्रह बीस गांवों के महिला पुरुष बाजार में खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। शुक्रवार सुबह साप्ताहिक बाजार में दुकानें सज गईं थीं। फल, सब्जी, मसाले गुड़, चीनी आटा दाल समेत अन्य दुकानें लगाई गईं। भीड़ जुटने लगी। इस साप्ताहिक बाजार में जुटने वाली भीड़ को कोरोना वारयस को देखते हुए सेहत के लिए खतरा माना गया। बाद में डीएम के आदेश पर दस बजे के करीब पुलिस बाजार बंद कराने पहुंच गई। पुलिस कर्मियों ने लोगों से अपील की कि आप सब लोग अपने घर जाएं। अपनी दुकानें बंद कर लें। इसके बाद दुकानदारों ने अपनी दुकानें हटा लीं। बाजार नहीं लगने से दुकानदार और ग्राहक मायूस होकर घर लौट गए।