अमरोहा। सदर तहसील में विनियमित क्षेत्र के जेई का संबद्धीकरण समाप्त होने के बाद जेई की तैनाती नहीं हो सकी है। इससे भवनों के नक्शे पास होने का काम नहीं हो पा रही है, जिससे मकान बनाने की जद्दोजहद में लगे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
बीते फरवरी माह में विनियमित क्षेत्र के जेई भानुप्रताप सिंह व उनके एक सहयोगी को भवन का नक्शा पास कराने की एवज में मुरादाबाद एंटी करप्शन की टीम ने रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया गया था। जिसके बाद उनका निलंबन करते हुए मुख्य नगर व ग्राम नियोजन कार्यालय मेरठ से संबद्ध कर दिया गया था। जिसके बाद बिजनौर से जेई श्याम बाबू को अमरोहा विनियमित क्षेत्र से संबंद्ध कर दिया गया था। उनको शुक्रवार व शनिवार को अमरोहा में कामकाज देखने की जिम्मेदारी दी गई थी। एक तो सप्ताह में दो दिन उनके नियत होने के कारण वैसे ही काम नहीं हो पा रहा था। वहीं जून माह में उनका संबद्धीकरण समाप्त होने से परेशानी और बढ़ गई। विनियमित क्षेत्र में किसी जेई की तैनाती न होने के कारण न तो लोगों के भवनों के नक्शे ही पास हो पा रहे हैं, और न ही कॉलोनियों के ले-आउट ही पास हो रहे हैं। भवनों के नक्शे पास कराने के लिए लोगों को बार-बार तहसील के चक्कर काटने को मजबूर होना पड़ रहा है।
-
करीब 70 फाइलें अटकीं, एनओसी ने मिलने से भी कामकाज प्रभावित
विनियमित क्षेत्र में करीब 20 फाइलें ऐसी हैं जोकि जेई की तैनाती न होने के कारण पास नहीं हो पा रही हैं। इसके अलावा दूसरे विभागों की एनओसी न मिलने के कारण भी भवनों के नक्शे पास होने में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
-
अवैध प्लॉटिंग पर नहीं हो पा रही कार्रवाई
शहर में अवैध प्लाॅटिंग को लेकर पिछले दिनों खूब कार्रवाई अमल में लाई गई। बिना ले-आउट पास कराए बसाई जा रही कई कॉलोनियों में अवैध प्लॉटिंग को जेसीबी चलाकर ध्वस्त करा दिया गया था। लेकिन जेई को सप्ताह में केवल दो दिन मिलने व बाद में संबद्धीकरण खत्म होने कारण यह कार्रवाई भी प्रभावित हो गई। फिलहाल पिछले कई दिनों से अवैध कॉलोनियों के विरूद्ध अभियान नहीं चलाया गया है।
-
कई चक्कर काटे, नहीं हो रहा काम
मकान बनाने के लिए लोगों ने विनियमित क्षेत्र में आवेदन किए हुए हैं। लेकिन जेई की तैनाती न होने के कारण सभी आवेदन लंबित पड़े हुए हैं। नक्शा पास कराने के लिए आवेदन करने वाले लोगों का कहना है कि नक्शा पास कराने के लिए काफी समय पहले प्रक्रिया पूरी कर आवेदन किया था। लेकिन नक्शा पास नहीं हो सका है।
-
विनियमित क्षेत्र में बिजनौर के जेई का संबद्धीकरण चल रहा था। संबद्धीकरण खत्म होने के बाद उनको रिलीव कर दिया गया है। जेई की तैनाती न होने कारण कामकाज प्रभावित भी हो रहा है। जेई की तैनाती के लिए शासन से मांग की गई है, जल्द ही किसी जेई की तैनाती होने की उम्मीद है। - शशि भूषण पाठक, एसडीएम/ प्राधिकारी, विनियमित क्षेत्र
-