गोबर से लदी भैंसा बुग्गी पलटने से मदरसे के छात्रा की दबकर मौके पर ही मौत हो गई। चीख पुकार सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के छात्रा के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है।
आदमपुर थाना क्षेत्र की रिपोर्टिंग चौकी के गांव बुरावली निवासी यामिन किसानी करते हैं। 17 वर्षीय बेटी तरन्नुम गंगवार के मदरसा तरती रूल उल कुरान में पढ़ती थी। शुक्रवार की शाम चार बजे तरन्नुम पिता यामिन और भाई भूरे के साथ भैसा बुग्गी में गोबर का खाद भरवा रही थी। ग्रामीणों के मुताबिक बुग्गी में भैंसा को जोड़ते समय अचानक बम टूटकर खाद से लदी बुग्गी पलट गई। इसके नीचे दबने से तरन्नुम की मौके पर ही मौत हो गई। मौत की खबर मिलते परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। वहीं परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के छात्रा के शव का दफन कर दिया है। ब्यूरो