रात प्रेमिका को छोड़ने के दौरान पकड़ा गया
गजरौला थाना क्षेत्र के गांव निवासी 22 वर्षीय युवक का आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली युवती से प्रेम प्रसंग हो गया था। बुधवार को युवक अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए आदमपुर के शिव मंदिर में लगने वाले सावन माह की शिवरात्रि मेले में ले गया। जब वह देर रात प्रेमिका को छोड़कर जाने लगा, तो ग्रामीणों और परिजनों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही प्रेमी के परिजन भी प्रेमिका के गांव शीतला सराय पहुंच गए।
ढाई घंटे चली पंचायत
गुरुवार को गांव में ढाई घंटे चली पंचायत के बाद यह तय हुआ कि प्रेमी और प्रेमिका की शादी कराई जाएगी। दोनों परिवार और प्रेमी-प्रेमिका इस फैसले पर सहमत हो गए। इसके बाद, गांव के शिव मंदिर में पूरे रीति-रिवाज से दोनों के फेरे कराए गए।
पांच साल पहले मिले थे दोनों
बताया गया है कि दोनों एक ही बिरादरी के हैं। बताते हैं कि दोनों की जान-पहचान पांच साल पहले युवती की बहन की शादी में हुई थी, जो प्रेमी के गांव में हुई थी। उसी समय से दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे चोरी-छिपे मिलते रहे। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है और तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।