अमरोहा। सावन माह के तीसरे सोमवार पर जिले भर के शिवालयों में बोल बम के जयकारे गूंजते रहे। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ लग गई। यहां भगवान शिव के दर्शन और पूजन करते हुए जलाभिषेक किया। शहर में वासुदेव मंदिर, नौगांवा सादात गजस्थल, शिव मंदिर पीला कुंड, धनौरा में पत्थर कुटी मंदिर, गजरौला में राम मंदिर और हसनपुर में शिवाला मंदिर में जलाभिषेक का दौर दोपहर तक चलता रहा।
सावन के तीसरे सोमवार को डीजे के साथ ब्रजघाट, हरिद्वार आदि स्थानों से डाक कांवड़ में गंगाजल लेकर लौटे शिवभक्तों ने शिवालयों में जलाभिषेक कर कांवड़ चढ़ाई। शिवालयों में जलाभिषेक पूजन के साथ हर-हर महादेव के जयकारों की गूंजते रहे। वहीं, श्रद्धालुओं ने विधिविधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख शांति की कामना की। नगर के प्राचीन वासुदेव तीर्थ मंदिर, बाबा गंगानाथ मंदिर, रियासत वाला मंदिर समेत अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लाइन लग गई।
जलाभिषेक के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
गजरौला। सावन माह के तीसरे सोमवार पर श्रद्धालुओं ने आस पास मंदिरों में जाकर भगवान शिव का जलाभिषेक बेल पत्र आदि अर्पित किए। चाकीखेड़ा स्थित चाकेश्वर महादेव मंदिर पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु ब्रजघाट, तिगरी और हरिद्वार से गंगा जल लाए। सभी भगवान शिव की भक्ति में डूबे हुए थे। मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। नगर और ग्रामीण क्षेत्र के श्रद्धालु सुबह ही मंदिर में पहुंच गए थे। सुबह से ही उनकी लंबी कतार लग गईं। संवाद
-