अमरोहा। हथियारबंद बदमाशों ने बाइक सवार दो दोस्तों को बंधक बनाकर नकदी और मोबाइल लूट लिए। विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने अज्ञात चार बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश करने का आश्वासन दिया है।
यह घटना सोमवार रात को अमरोहा देहात थानाक्षेत्र में कांठ रोड पर हुई। क्षेत्र के नौराहन गांव निवासी सौरभ और विनीत दोनों दोस्त हैं। आरोप के मुताबिक सोमवार को किसी काम से अमरोहा आए थे। देर शाम को बाइक पर सवार हो घर लौट रहे थे। अभी उनकी बाइक एबजाबाद गांव से थोड़े पहले पहुंची। तभी यहां पहले सड़क किनारे घात लगाए बैठे चार बदमाशोें ने उन्हें रोक लिया। तमंचों के बल पर बंधक बना लिया। दोनों दोस्तों से चार हजार रुपये नगदी और मोबाइल लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने दोनों दोस्तों की बुरी तरह पिटाई की। घटना के बाद दोनों पीड़ित घर पहुंचे और परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसओ सुरेश गौतम मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी ली। बाद में घटनास्थल का मुआयना किया। पीड़ितों की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द की घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।