गजरौला। खाना खाकर टहलने निकले वकील को दो बाइकों एवं एक स्कूटी पर आए सात बदमाशों ने गन्ने से पीटा। इसके बाद सोने की चेन और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर 112 डायल की गाड़ी मौके पर आ पहुंची। वहीं पास में ही ललिता देवी मंदिर पर मौजूद पुलिस पिकेट को घटना की जानकारी नहीं हो सकी।
शुक्रवार की रात लगभग पौने दस बजे यह घटना कस्बे से सटे हल्का नंबर दो में मझोला मार्ग पर हुई। नगर के मोहल्ला सराय में रहने वाले अधिवक्ता इमरान खान खाना खाकर रोजाना की तरह सरस्वती शिशु मंदिर के सामने मझोला रोड पर तिराहे से आगे सुनसान स्थान पर टहल रहे थे। अधिवक्ता के मुताबिक दो बाइक एवं एक स्कूटी पर आए सात युवकों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद उनका मोबाइल और सोने की चेन लूट ली। विरोध पर उन्हें गन्नों से पीटा भी। उनके हाथों पर नील के निशान भी थे। वहीं बदमाशों के जाने के बाद अधिवक्ता ने शोर मचा दिया। इस पर वहां भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर 112 डायल पुलिस भी आ पहुंची। अधिवक्ता की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। वहीं पास ही ललिता देवी मंदिर पर मौजूद पुलिस पिकेट को घटना की जानकारी नहीं हो सकी। वहां आए कस्बा चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार के पूछने पर उन्होंने बताया कि उन्होंने मझोला रोड पर 112 की गाड़ी जाते हुए देखी थी। पुलिस ने अधिवक्ता से घटनाक्रम की जानकारी ली। अधिवक्ता ने शनिवार को थाने में तहरीर देने की बात कही है।