मंडी धनौरा। तहसील में कार्यरत स्टांप विक्रेता के साथ लूट की साजिश तहसील में ही कार्यरत एक अधिवक्ता के मुंशी ने ही रची थी। बिजनौर पुलिस ने लूट की घटना के आठ घंटे के ही भीतर लूट में शामिल सभी छह बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए स्टांप और नकदी बरामद कर ली गई है।
गौरतलब है कि चांदपुर निवासी पवन मित्तल धनौरा तहसील में स्टांप विक्रेता है। वह गुरुवार को कार से धनौरा आ रहे थे। बबनपुरा पुलिस चौकी के पास बाइक और कार सवार बदमाशों ने पवन मित्तल से नौ लाख रुपये के स्टांप और 60 हजार रुपये की नकदी लूट ली थी। विरोध करने पर पीड़ित को पीटकर बुरी तरह से घायल कर दिया गया था। इस मामले में पुलिस अधीक्षक संजीव त्यागी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधीनस्थों को शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए थे। गुरुवार की देर शाम पुलिस की कार सवार बदमाशों की बागड़पुर के पास मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने कार सवार छह बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लूटे गए स्टांप और 40 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार धनौरा तहसील में एक अधिवक्ता के पास कार्यरत मुुंशी अनिल ने ही लूट की साजिश रची थी। वह पवन मित्तल को लाखों रुपये के स्टांप और नकदी ले जाते हुए देेखता था। उसने ही अपने साथियों के साथ लूट की साजिश रची थी। पुलिस ने इस संबंध में मुख्य साजिशकर्ता नगर के मोहल्ला सुभाष नगर निवासी अनिल, धनौरा के मोहल्ला गांधीनगर निवासी सतवीर, कटरा निवासी उमेश व दीपक, थाना बछरायूं के गांव धनौरी खुर्द निवासी जयविंदर व थाना शिवाला कलां के गांव पंकज को गिरफ्तार किया है।