अमरोहा। जिले में धान की खरीद तो शुरू हो गई लेकिन अधिकांश क्रय केंद्रों पर ताले लटके है। कुछ खुले है तो उन पर भी खरीद नहीं हो पाई। ऐसे में धान लेकर केंद्रों पर पहुंचे किसान भटकते रहे। जनपद में एक अक्तूबर से धान की खरीद शुरू होनी थी।
हालांकि, नवमी व दशमी के अवकाश होने के कारण सोमवार से खरीद शुरू हो पाई लेकिन अब भी खरीद की रफ्तार सुस्त है। बुधवार को अमरोहा मंडी समिति में बनाए गए क्रय केंद्र पर ताला लटका रहा तो कई हसनपुर में भी अधिकांश केंद्रों पर खरीद नहीं हो सकी।
जिले में धान खरीद की शुरुआत हो गई है। इस बार धान खरीद के लिए 1.30 लाख क्विंटल खरीद का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिलेभर में 12 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए किसानों ने पंजीकरण भी शुरू कराया दिया है लेकिन अधिकांश केंद्रों पर धान खरीद की रफ्तार धीमी ही चल रही है।
अमरोहा मंडी समिति में धान खरीद के लिए तीन क्रय केंद्र बनाए गए हैं। यहां नौगांवा सादात एट अमरोहा मंडी, अमरोहा मंडी व उपमंडी स्थल नन्हेड़ा अलयारपुर का क्रय केंद्र बनाया हुआ है लेकिन बुधवार को यहां क्रय केंद्र बंद रहने से धान बेचने आए किसानों को मायूस होना पड़ा। यहां क्रय केंद्रों पर ताले लटके रहे। क्रय केंद्र के बाहर केवल पल्लेदार बैठे थे।
दो क्रय केंद्रों पर शुरू नहीं हो सकी धान की खरीद
हसनपुर। सरकारी धान खरीद केंद्रों पर धान खरीद में सुस्ती के चलते तीन क्रय केंद्रों में से केवल एक पर ही 25 क्विंटल धान की खरीद हो पाई है। हसनपुर मेंं मंडी समिति में खाद्य विभाग के धान क्रय केंद्र प्रभारी गजेंद्र शर्मा ने बताया कि एक अक्तूबर से धान खरीद शुरू हुई थी। मौसम खराब होने से व बारिश होने से धान सूख नहीं पाया जिससे पिछले सात दिनों में खरीद नहीं हो सकी। हालांकि, बुधवार को 25 क्विंटल धान की खरीद हुई है। उधर, अब तक 20 किसान क्रय केंद्र पर धान बेचने के लिए संपर्क कर चुके है पहले उनका धान सुखाया जाएगा। उसके बाद ही खरीदा जा सकेगा। इस बार धान खरीद का लक्ष्य केंद्र पर 16 हजार क्विंटल रखा गया है। इसके अलावा सहकारी समिति गारबपुर भी पीसीएफ का क्रयकेंद्र है। वहां पर बुधवार तक कोई धान की खरीद नहीं हो सकी। मजदूर नहीं मिलने से यहां खरीद नहीं हो पा रही है। गंगेश्वरी ब्लॉक के दढि़याल में भी पीसीएफ का धान खरीद केंद्र अभी तक खरीद नहीं हो सकी है। संवाद
हो रही खरीद, लेकिन नहीं मिल रहा भुगतान
गजरौला। खाद्य एवं रसद विभाग के विपणन की तरफ से मंडी समिति में धान की खरीद के लिए क्रय केंद्र खोला गया। इस पर चार अक्तूबर से धान की खरीदारी की जा रही है। अब तक करीब 400 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। मगर धान बिक्री के बाद किसानों को उसका भुगतान नहीं मिल रहा है। क्रय केंद्र प्रभारी संजय कुमार बंसल ने बताया कि साइट नहीं चलने के कारण धान खरीदारी का सत्यापन नहीं हो रहा है। इसी वजह से उनका भुगतान नहीं हो रहा है। संवाद
धनौरा में भी नहीं शुरू हो पाई सरकारी खरीद
मंडी धनौरा। सरकार के तीन अक्तूबर से धान की सरकारी खरीद शुरू कराने की घोषणा के बावजूद धान की खरीद शुरू नहीं हो पाई है। धान उत्पादक सरकारी खरीद शुरू नहीं होने से परेशान हैं। क्षेत्र में करीब दो दर्जन से अधिक गांवों में धान की बड़े पैमाने पर खेती होती है। इनमें चांदरा फार्म, लाडनपुर, नेकपुर, आजमपुर, आशुवाला, रफातपुरा, इब्राहीमपुर, पपसरी खादर, पटटी खादर, फतहउल्लापुर, मलंगपुरा आदि में धान की खेती होती है। विपणन शाखा का धान क्रय केंद्र भी अभी नहीं खुल पाया है। संवाद
सभी केंद्राें पर धान की खरीद शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। अगर केंद्र नहीं खुल रहे हैं, तो यह लापरवाही है। जिसकी जांच कराई जाएगी। - अजय कुमार सिंह, डिप्टी आरएमओ