अमरोहा। लॉकडाउन के चलते मंगलवार को शहर और देहात में सन्नाटा पसरा रहा। बैंक शाखाओं और एटीएम बूथ के बाहर ग्राहकों की भीड़ देखी गई। मुख्य सड़क और बाजार सुनसान रहे। बच्चों ने खेलकूद कर समय बिताया। अब गुरुवार को सुबह सात बजे से आवाजाही शुरू होगी।
सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए नियमों में बदलाव किया गया है। पहली बार सोमवार को भी आंशिक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया। सोमवार को सरकार ने लॉकडाउन की अवधि दो दिन और बढ़ा दी। ऐसे में अब लगातार पांच दिन तक बाजार बंद रहेंगे। मंगलवार को आंशिक लॉकडाउन में शहर के बाजार और सरकारी कार्यालय बंद रहे। केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़ी दुकानें खुली रहीं। मेडिकल स्टोर, दूध और किराना की दुकान पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। सड़कों पर सुबह से लेकर शाम तक सुनसान रहा। वहीं शहर के एसबीआई व अन्य बैंक शाखाओं के बाहर ग्राहकों की भीड़ देखी गई। एटीएम बूथों पर भी लोगों की कतार लगी रही। सुरक्षाकर्मियों ने बैंक और एटीएम बूथ पर कोरोना गाइडलाइन का पालन कराया।