अमरोहा/गजरौला। कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे और इससे हो रही मौतों का ग्राफ बढ़ने से चिंतित सरकार ने भले ही कोरोना की चेन तोड़ने के लिए लॉकडाउन लगाया हुआ है लेकिन गजरौला में इसका पूरी तरह पालन नहीं हो रहा है। पुलिस भी हिदायतें देकर परेशान है लेकिन लोग बेवजह घरों से निकलने से बाज नहीं आ रहे हैं।
मंगलवार को प्रशासन ने सुबह छह से दस बजे तक चार घंटे के लिए किराना की दुकानें खोलने की अनुमति दे दी। सुबह को दुकानें खुलीं तो खरीदारों को ग्राहकों की भीड़ टूट पड़ी। अधिकांश दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कराया गया। दुकानों के आगे गोल घेरे भी नहीं बने थे। वहीं सामान खरीदने को लोगों में आपाधापी मची थी। सड़कों पर उमड़ी भीड़ को देख लगता ही नहीं कि गजरौला में लॉकडाउन का असर है। ई-रिक्शाएं भी खूब दौड़ रही हैं। सड़कों पर फलों के ठेलों पर भी भीड़ है। चौपला पर मस्जिद वाली गली में सबसे अधिक भीड़ रहती है। हालांकि चौपला पुलिस के सिपाही यहां कई बार लाठी फटकारकर चले जाते हैं लेकिन उनके जाते ही भीड़ फिर से एकत्र हो जाती है। हसनपुर रोड पर गलियों और सड़कों पर लगे ठेलों पर भी हर समय भीड़ रहती है। वहीं शाम के समय बस्ती में डाकखाने के सामने और अग्रसेन मार्केट के सामने भी भारी भीड़ से सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। जागरूक लोगों का कहना है कि जब तक बेवजह सड़कों पर मौजूद लोगों पर कार्रवाई नहीं की जाएगी तब तक लॉकडाउन का कोई औचित्य नहीं है।