अमरोहा। दो दिन के साप्ताहिक लॉकडाउन का असर शहर की प्रमुख सड़कों पर तो दिखा। लेकिन गली मोहल्लों में अनलॉक जैसे नजारे रहे। कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या चार सौ के करीब पहुंच गई है। लेकिन गली-मोहल्ले की सड़कों पर बेपरवाह लोग बिना मास्क इधर उधर घूूमते नजर आए। कुछ इलाकों में दुकानें भी खुली रहीं। वहीं डीएम और एसपी ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भ्रमण किया। अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने सप्ताह में दो दिन शनिवार और रविवार को लॉकडाउन घोषित कर रखा है। लिहाजा शनिवार की सुबह नौ बजे के बाद पुलिस लॉकडाउन का पालन कराने के लिए सड़क पर उतर आई। पुलिस की सख्ती के चलते शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। बाजार बंद रहा। सड़कों पर सन्नाटा देखकर लग रहा था कि लोग संक्रमण को लेकर सतर्क हैं, लेकिन शहर के भीतर गली-मोहल्लों का आलम बेहद खराब रहा। मोहल्ला नौबतखाना, हयातनगर, बाइपास, दानिशमंदान, चाहगोरी, कुरैशी सहित कई मोहल्लों में लोग घरों के बाहर लोग झुंड बनाकर खड़े दिखाईं दिए। इससे साफ है कि लोगों के कोरोना का डर नहीं हैं। वहीं पुलिस ने टीपी नगर चौराहा, लकड़ा चौराहा, बंबूगढ़, जोया, जिवाई, कैलसा सहित जिलेभर के तमाम मुख्य स्थानों पर चेकिंग की। लोगों से घर से निकलने का कारण पूछा गया। डीएम उमेश मिश्रा और एसपी डॉ विपिन ताडा ने भी शहर का भ्रमण किया। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों को सख्त दिशा-निर्देश दिए। टीपी नगर चौराहे पर वाहन चालकों के कागज चेक किए और पूछताछ की। इसके बाद दोनों अफसर नौगांवा सादात, धनौरा और गजरौला के भ्रमण पर निकल गए। दिनभर बाजार और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। सड़कों पर वाहनों के अलावा कोई दूर-दूर तक दिखाई नहीं दे रहा था। एसपी डॉ विपिन ताडा ने बताया कि बेवजह घरों से बाहर निकले 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया।