परिवहन निगम की पहल के तहत अमरोहा रोडवेज डिपो से आगरा, मथुरा, देहरादून व पीलीभीत जाने वाली बसों की लाइव लोकेशन देखी जा सकेगी। विभाग डिपो की अन्य बसों को भी एप से जोड़ने की तैयारी में जुटा है। बस अड्डे पर लगी एलईडी स्क्रीन पर भी बसों की लोकेशन दिखाई जाती है। जबकि, यात्री घर बैठे ही ऑनलाइन टिकट ले सकते हैं।
यात्रियों को अब मोबाइल पर ही रोडवेज बसों की लाइव लोकेशन मिलेगी। यह सुविधा ‘यूपी राही’ और ‘यूपी मार्गदर्शी’ एप के माध्यम से मिलेगी। इस पर यात्री अपनी बस और उसके आगे-पीछे चलने वाली बसों की जानकारी भी ले सकेगे। बस अड्डों पर लगे एलईडी स्क्रीन पर भी बसों की लाइव लोकेशन दिखाई जा रही है। एआरएम मोहम्मद शफी ने बताया कि यह सुविधा इसलिए लागू की गई है, जिससे यात्रियों को उनकी यात्रा के दौरान सही और सटीक जानकारी मिल सके। इसके अलावा ईटीएम (इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन) को ऑनलाइन शेड्यूल के अनुसार जारी किया जाएगा, जिससे बसों के संचालन में समय की पाबंदी सुनिश्चित की जा सके। इस नई व्यवस्था से न केवल यात्रियों की सुविधा में वृद्धि होगी, बल्कि परिवहन निगम की आय में भी वृद्धि होना संभव है।
यात्री अब अपनी यात्रा का शेड्यूल सही समय पर देख सकेंगे और बिना किसी असुविधा के अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे। यदि किसी अधिकारी द्वारा शेड्यूल के अनुसार बसों का संचालन नहीं किया जाता, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अमरोहा रोडवेज डिपो से आगरा, मथुरा, देहरादून और पीलीभीत को जाने वाली बसों की लाइव लोकेशन देखी जा सकती है।
ऐसे होगी बसों की लाइव लोकेशन
- रूटवार बसों की जानकारी मिलेगी।
- कौन सी बस किस जगह पर है, यह जानकारी लोकेशन के साथ दिखेंगी।
- आप किस जगह पर हैं, वहां तक पहुंचने में कितना समय लगेगा, यह भी पता चलेगा।
- बस में कितनी सीट और कितने यात्री हैं, इसका ब्योरा दिखेगा।
- बस का अगला स्टॉपेज कहां हैं, कितनी देर रुकेगी।
- बस कितनी स्पीड से चल रही है, यह भी एप से देख सकेंगे।
- पीछे कितनी बसें आ रही हैं, उनकी क्या स्थिति है, इसको भी चेक कर सकेंगे।