मंडी धनौरा। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुधन की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर पशु चिकित्सा विभाग ने शिविर लगाया। विधायक राजीव तरारा ने फीता काटकर शुभारंभ किया। पशु चिकित्सकों ने पशुओं की जांच कर दवाइयां बांटीं और संक्रमण से बचाव के उपाय बताए।
विधायक ने कहा कि पशुधन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और जरूरतमंद पशुपालकों को समय से उपचार व दवाइयां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद विधायक ने सुल्तानपुर रमपुरा पहुंचकर बाढ़ से फसल नुकसान झेल रहे किसानों और जरूरतमंद परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और 400 राशन पैकेट वितरित किए। इस दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी आभा दत्त, पशु चिकित्सा अधिकारी भागेश कुमार समेत विभागीय कर्मचारी, किसान, पशुपालक और ग्रामीण मौजूद रहे।