हसनपुर। जनपद स्तर पर स्थापित रिकॉर्ड रूम और नकल विभाग की धीमी कार्यप्रणाली को लेकर अधिवक्ताओं व वादकारियों में नाराजगी है। तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मुजाहिद चौधरी एडवोकेट ने समय पर दस्तावेज उपलब्ध न कराने का आरोप लगाते हुए डीएम से व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
उन्होंने बताया कि खसरा, खतौनी, पुराने आदेश, मानचित्र, सीएच-41, सीएच-45 और 1359 फसली समेत अन्य अभिलेखों की नकल के लिए किए गए आवेदनों पर 10 से 15 दिन बाद भी प्रतियां उपलब्ध नहीं हो रही हैं। इससे वादकारियों, आम लोगों और अधिवक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ रही है।
मुजाहिद चौधरी का आरोप है कि शिकायत करने पर कर्मचारी हर बार मशीन खराब होने का हवाला देते हैं। उनका कहना है कि यदि मशीन बार-बार खराब हो रही है तो उसके स्थान पर नई मशीन लगाई जाए और कार्य में तेजी लाने के लिए एक के बजाय दो काउंटर संचालित किए जाएं।
उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र भेजकर नकल विभाग की अव्यवस्था दूर करने और व्यवस्था में शीघ्र सुधार कराने की मांग की है। संवाद