अमरोहा। रिश्वत के मामले में सीबीआई की कार्रवाई के विरोध में जिला टैक्स बार एसोसिएशन के आह्वान पर बुधवार को वकील न्यायिक कार्य से विरत रहे। उन्होंने मामले में आरपार की लड़ाई का एलान किया है। साथ ही दूसरे जिलों की बार एसोसिएशन से भी सहयोग मांगा है।
मंगलवार को बुलाई जिला टैक्स बार एसोसिएशन की बैठक में वकीलों ने सीबीआई की कार्रवाई पर विरोध जताया था। साथ ही तीन दिन की हड़ताल का एलान किया था। बुधवार को राज्य कर कार्यालय में हड़ताल का असर दिखाई दिया। वकील न्यायिक कार्यों से विरत रहे।
वहीं, बार अध्यक्ष मशकूरुल हसन ने कहा कि दूसरे जिलों की बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से बातचीत की गई है। उनसे विरोध-प्रदर्शन में साथ आने को कहा है। सीबीआई टीम ने गलत तरह से बार एसोसिएशन के सचिव अमित खंडेलवाल को फंसाकर गलत तरह से गिरफ्तार किया है, जो गलत है। इससे वकीलों में रोष व्याप्त है। इस दौरान विष्णु दयाल अग्रवाल, शिवकुमार माहेश्वरी, राजीव कुमार गुप्ता, विजय कुमार गुप्ता, वसीम युसूफ, सैफुल हसन, विकास बाबू सहित आदि मौजूद रहे।