मजदूरी के लिए छत्तीसगढ़ गए ग्रामीण की वहा संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ठेकेदार उसके शव को लेकर गांव पहुंचा। परिजनों ने ठेकेदार पर हत्या करने का आरोप लगाया है। छत्तीसगढ़ पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कह रही है।
गांव सुजमना निवासी पंकज (35) साल मजदूरी करता था। करीब दस दिन पहले वह गांव के ही रवि के साथ छत्तीसगढ़ के रायपुर में मजदूरी करने गया था। रवि ठेके पर मजदूरों को भेजने का काम करता है। बुधवार सुबह रवि, पंकज के शव को लेकर गांव पहुंचा। पंकज का शव देख कर परिजन हैरान हो गए। रवि ने उनको बताया कि पंकज ने आत्महत्या कर ली है। परिजन पंकज के शव को लेकर थाना बछरायूं पहुंच गए। उन्होंने रवि पर पंकज की हत्या किए जाने का आरोप लगाया।
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि उनकी रायपुर जनपद के थाना देवती पुलिस से बात हुई है। वहां की पुलिस ने बताया कि पंकज का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। परिजन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए छत्तीसगढ़ चले गए हैं।