अमरोहा। जनपद स्तरीय युवा उत्सव व सांस्कृतिक प्रतियोगिता और विज्ञान मेले का आयोजन सोमवार को कुंदन मॉडल इंटर कॉलेज में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डीएम निधि गुप्ता वत्स व पालिकाध्यक्ष शशि जैन ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर की। भाषण प्रतियोगिता में माही चौधरी व साइंस प्रोजेक्ट में लविश कुमार व अरुण कुमार ने पहला स्थान हासिल किया।
डीएम और पालिकाध्यक्ष ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। इसके बाद संयुक्त रूप से विज्ञान मेले का अवलोकन किया गया। विज्ञान मेला में स्मार्ट ग्लब्स, स्मार्ट ग्रीन एनर्जी, वर्टिकल फॉर्मिंग, फ्यूचर ऑफ स्मार्ट एनर्जी, कार्बन प्यूरिफायर, मिसाइल लांचिंग सिस्टम, रेन सेंसर मॉडल, इको फ्रेंडली एनर्जी सोर्सेज, हाइब्रिड हेलमेट, स्मार्ट सिटी, सोलर सिस्टम, वायरलेस कार चार्जिंग, वॉयस कंट्रोल रोबोट, इलेक्ट्रिसिटी जनरेटर समेत अन्य स्टाल लगाए गए।
इसके अलावा लोक गीत, लोक नृत्य, भाषण, कविता एवं कहानी लेखन, चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में आयुषी ने दूसरा और हर्ष चौधरी ने तीसरा स्थान हासिल किया। अक्षत अग्रवाल ने एआई रोबोटिक बनाकर दूसरा स्थान प्राप्त किया जबकि हिमांशु आर्य ने इलेक्ट्रिसिटी जनरेटर तैयार कर तीसरा स्थान हासिल किया। लोक नृत्य में लिटिल स्कॉलर्स एकेडमी ने पहला, जीजीआईसी अमरोहा ने दूसरा एवं जीएम पब्लिक स्कूल हसनपुर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
लोकगीत में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ने पहला, जीएम पब्लिक स्कूल ने दूसरा व लिटिल स्कॉलर्स एकेडमी ने तीसरा स्थान हासिल किया। निर्णायक मंडल में कीर्ति, राघवा खानम, आयुषी, अविनाश कुमार, श्वेता आदि शामिल रहीं। जिला युवा कल्याण अधिकारी ऋषि कुमार ने विजयी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान प्रधानाचार्य सीपी सिंह, संतराम यादव, अश्वनी कुमार, गौरव कुमार, प्रदीप कुमार, अंकुर प्रकाश आदि मौजूद रहे।