अमरोहा। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय निशुल्क कोचिंग योजना के तहत शनिवार को राजकीय (बालक) इंटर कॉलेज में नए सत्र की कोचिंग की शुरुआत की गई। योजना के अंतर्गत संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी), नीट, एनडीए और सीडीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी कराई जाएगी।
शुरुआत सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा ने की। इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी पंखुड़ी जैन, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अलका चौधरी, जीआईसी प्रधानाचार्य डॉ. निशांत यादव और विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को योजना की उपयोगिता बताते हुए नियमित अध्ययन और अनुशासन के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने का बेहतर अवसर मिलेगा। संवाद