अमरोहा। मयंक यादव और देवांश शुक्ला की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर एक रोमांचक क्रिकेट मुकाबले में नीलकंठ क्रिकेट एकेडमी रेड की टीम ने ब्लू को आठ विकेट से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए नीलकंठ क्रिकेट एकेडमी ब्लू ने निर्धारित 10 ओवर में पांच विकेट पर 88 रन बनाए, लेकिन यह स्कोर रेड टीम के बल्लेबाजों के सामने बेहद छोटा साबित हुआ। विजेता टीम ने महज छह ओवर में दो विकेट खोकर 91 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नीलकंठ क्रिकेट एकेडमी ब्लू की शुरुआत संभली हुई रही। कप्तान आशीष ने जिम्मेदारी निभाते हुए केवल 17 गेंदों में चार चौके और दो छक्कों की मदद से 35 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। हिमांशु राणा ने 15 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की सहायता से नाबाद 23 रन बनाए। उवेश ने 13 और रितिक ने 11 रन का योगदान दिया।
रेड टीम की ओर से कप्तान मयंक यादव ने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए एक ओवर में मात्र एक रन देकर एक विकेट हासिल किया। यश, डिशू और रेहान ने भी एक-एक विकेट अपने नाम किए।
89 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विजेता टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। कप्तान मयंक यादव ने 15 गेंदों में सात चौकों की मदद से 34 रन बनाकर जीत की मजबूत नींव रखी। इसके बाद देवांश शुक्ला ने 16 गेंदों पर छह चौकों की सहायता से नाबाद 30 रन की शानदार पारी खेली। अंत में यश ने केवल सात गेंदों में तीन चौके जड़ते हुए नाबाद 17 रन बनाए और टीम को छठे ओवर में ही शानदार जीत दिला दी।
नीलकंठ क्रिकेट एकेडमी ब्लू की ओर से कप्तान आशीष ने तीन ओवर में 57 रन देकर दो विकेट जरूर झटके, लेकिन बल्लेबाजों के तूफानी प्रदर्शन के सामने उनकी गेंदबाजी बेअसर साबित हुई। मयंक यादव को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैच का सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी माना गया।