उमंग डेयरी लिमिटेड में काम करने वाले श्रमिकों ने शुक्रवार को डेयरी प्रबंधन पर पीएफ का भुगतान न करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। डेयरी गेट पर धरना दिया। डेयरी के जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ नारेबाजी की गई। इस दौरान श्रमिकों की डेयरी प्रबंधन के अफसरों के साथ जमकर नोकझोंक हुई। कार्य बहिष्कार करते हुए चेतावनी दी कि जब तक मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा, तब तक कार्य बहिष्कार और धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे नगर के हसनपुर रोड पर स्थित उमंग डेयरी के श्रमिकों ने कार्य बहिष्कार करते हुए हंगामा कर दिया। डेयरी के मुख्य गेट पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया गया। श्रमिकों का कहना है कि डेयरी में कार्यरत करीब एक हजार से ज्यादा श्रमिकों का चार वर्षों से पीएफ का भुगतान नहीं किया गया है। आरोप लगाया कि श्रमिकों का शोषण किया जा रहा है। इसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। जब तक मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। प्रदर्शन करने वालों में विशेष कुमार, प्रेम चौहान, हरिओम, राजवीर सिंह, प्रदीप कुमार, महेश कुमार, पूरन, नरेश, महीपाल सिंह, पदम सिंह, पूरन सिंह, राजवीर सिंह, ओमकार, प्रमोद, नन्हें सिंह, भूरे, भुवनेश कुमार आदि शामिल रहे।
उमंग डेयरी के एचआर मैनेजर अरूण कुमार ने बताया कि डेयरी में कुछ श्रमिकों के पीएफ से आधार नंबर लिंक नहीं हुआ है। जिस वजह से थोड़ी सी परेशानी आ रही है। आधार नंबर लिंक होते ही पीएफ मिलना शुरू हो जाएगा। इसमें डेयरी प्रबंधन का कोई दोष नहीं है।