हसनपुर बिजलीघर में विलाप करते बिजली मजदूर के परिजन।
- फोटो : amar ujala
आदमपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को शट डाउन के बाद भी बिजली की लाइन में करेंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आकर मजदूर की मौत हो गई। घटना होते ही बिजली ठेकेदार व अन्य मजदूर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा किया। लाश हसनपुर बिजलीघर पर लाकर रख दी।
मुआवजे, बिजली ठेकेदार व कर्मचारियों पर एफआईआर की मांग की। कोतवाली पुलिस ने उनको वापस घटनास्थल पर लाश लेकर भेज दिया। टांडा पूठी में लाश रखकर परिजन ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े थे। देर शाम तक विभागीय अधिकारी भी वहां नहीं पहुंच सके थे।
आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव बुरैठा निवासी जगत सिंह पुत्र रामऔतार सिंह बिजली मजदूरी का कार्य करता था। रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव टांडा पूठी में बिजली की लाइन खींची जा रही है। ठेकेदार वेदराम यहां पर काम करा रहा था। जगत सिंह भी ठेकेदार के अंडर में मजदूरी कर रहा था। बताते हैं कि सोमवार को ठेकेदार ने उससे कहा कि शट डाउन ले लिया है। बाहरी छोर पर लगे खंभे से गांव को जाने वाली बिजली का जंपर काट दे।
इस पर जगत सिंह जंपर काटने के लिए चढ़ गया। इसी दरम्यान लाइन में करेंट दौड़ पड़ा, जिसकी गिरफ्त में आते ही वह दूर जा गिरा। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ठेकेदार व साथी मजदूर भाग निकले। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। शव लेकर ग्रामीण हसनपुर विद्युतगृह पहुंच गए।
ठेकेदार व बिजली कर्मियों पर केस दर्ज करने की मांग करने लगे। वहां पहुंची पुलिस ने अपना थाना क्षेत्र न होने और मौके की फोटो कराने की बात कहते हुए ग्रामीणों को हादसास्थल पर भेज दिया। इस पर परिजन टांडा पूठी शव लेकर आए और ठेकेदार को बुलाने की मांग करने लगे। देर शाम तक ठेकेदार,कोई अधिकारी वहां नहीं पहुंच सका था।