अमरोहा। मध्य गंगा नहर के लिए अधिग्रहित की गई जमीन के मुआवजे को लेकर कूबी समेत तीन गांवों ग्रामीण लगातार आंदोलन पर हैं। लेकिन किसानों की कोई सुनवाई नहीं हो सकी। अब किसानों ने मंडलायुक्त से मिलकर सर्किल रेट से चार गुना मुआवजा दिलाने की मांग की है।
साल 2011 में रामपुर घना, मोहनपुर एवं घंसूरपुर तथा साल 2012 में गांव कूबी में मध्य गंगा नहर के लिए किसानों की भूमि का अधिग्रहण हुआ था। सरकार किसानों को 2011 के रेट के अनुसार मुआवजा दे रही है, जबकि किसान सर्किल रेट के चार गुने मुआवजे की मांग पर डटे हुए हैं। इसी मांग को लेकर किसान फरवरी माह से लगातार धरना पर हैं। किसानों का कहना है कि जब तक उनको उचित मुआवजा नहीं दिया जाएगा, तब तक वह जमीन की खोदाई नहीं होने देंगे। इस आंदोलन में पुरुष ही नहीं, बल्कि महिलाएं भी लगातार शामिल रही हैं। किसानों का कहना है कि प्रशासन 2011 के तहत मात्र 50 हजार रुपये ही मुआवजा देना चाहता है। जोकि, उनके साथ सरासर धोखा है। प्रकरण को लेकर ग्रामीण प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी। अब ग्रामीणों ने मंडलायुक्त मुरादाबाद आंजनेय कुमार सिंह से मुलाकात कर सर्किल रेट से चार गुना मुआवजा दिलाए जाने की मांग रखी है। इस दौरान दानवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष मायाराम सिंह, मुकेश कुमार, अभिराज सिंह, कुलदीप सिंह, मोहम्मद रफी, गुरविंदर सिंह, अश्विन कुमार, मोहित चौधरी, कुलदीप सिंह आदि किसान उपस्थित रहे।