अमरोहा। गांव कूबी में जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर दो साल से धरना दे रहे किसानों ने धरना स्थल पर ही होली का त्योहार मनाया। इस दौरान किसानों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी।
मध्य गंगा नहर के लिए अधिग्रहित हुई भूमि का मुआवजा नहीं मिलने पर दो साल से किसान धरना दे रहे हैं, लेकिन किसानों की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। किसानों ने बताया कि दो साल बीत गए हैं, इस बार दूसरी होली धरना स्थल पर मनाई गई है। सभी किसानों ने धरना स्थल पर एक-दूसरे को गुलाल लगाया और होली पर्व मनाया। धरना दे रहे किसानों ने कहा कि शासन प्रशासन को किसानों की समस्या को सुनना चाहिए। अगर सुनवाई नहीं होती है तो धरना इसी तरह जारी रहेगा। इस मौके पर भोला सिंह, बृजपाल सिंह, राजवीर, मायाराम सिंह, सचिन आदि मौजूद रहे।