अमरोहा। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जनपद पुलिस ने दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष रूट डायवर्जन लागू कर दिया है। शुक्रवार से हाईवे की दिल्ली से मुरादाबाद लेन पूरी तरह कांवड़ियों के लिए आरक्षित कर दी गई है, जबकि छोटे वाहनों का संचालन मुरादाबाद से दिल्ली लेन पर दोनों दिशाओं में कराया जा रहा है।
डायवर्जन के तहत दिल्ली जाने वाले और दिल्ली से मुरादाबाद आने वाले कार, पिकअप, रोडवेज बस समेत अन्य छोटे वाहन फिलहाल मुरादाबाद से दिल्ली वाली लेन का उपयोग कर रहे हैं। वहीं, निजी बसों, ट्रकों, कंटेनरों, डीसीएम और अन्य भारी वाहनों को पहले से ही वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है। हाईवे पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और अधिकारी यातायात व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं।
एएसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के साथ चरणबद्ध तरीके से रूट डायवर्जन लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि रविवार शाम पांच बजे से सोमवार दोपहर 12 बजे तक मुरादाबाद से दिल्ली लेन पर छोटे वाहनों का संचालन भी पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान हाईवे का यह हिस्सा केवल कांवड़ियों के लिए सुरक्षित रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से यात्रा से पहले डायवर्जन व्यवस्था की जानकारी लेकर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की।