गजरौला में बारिश में भीगते हुए कांवड़ ले जाता कांवड़िया। संवाद
- फोटो : संवाद
अमरोहा। सावन के अंतिम व चौथे सोमवार को जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों के ब्रजघाट से लौटने का सिलसिला जारी है। वहीं, कुछ शिवभक्त कांवड़ लेने के लिए ब्रजघाट के लिए जा रहे है। दिल्ली हाईवे सहित जिले के अधिकांश मार्गों पर कांवड़ियों की भीड़ है। भगवान शिव के जयकारों से वातावरण शिवमय है।
बृहस्पतिवार को भी दिनभर कांवड़िये के लौटने का सिलसिला जारी है। कांधे पर कांवड़ और जुबां पर बोल बम और हर-हर महादेव के साथ शिवभक्तों का जत्थे गुजरते है। भगवान शिव में अटूट श्रद्धा और भक्ति के उत्साह में शिवभक्त बृहस्पतिवार को दिन और फिर रातभर शिवालयों की ओर बढ़ते रहे। हाईवे समेत दूसरे मार्गों पर कांवड़ियों के जत्थे बम भोले का उदघोष करते हुए गंतव्य को रवाना हो रहे हैं। पूरा मार्ग कांवड़ियों से भरा है।
बृहस्पतिवार को बिजनौर रोड और हाईवे कांवड़ियों से केसरिया रंग में रंगा रहा। लंबी दूरी तय करने वाले कांवड़ियों ने लौटना शुरू कर दिया है। वहीं नजदीकी जिलों के कांवड़िये अपने जत्थों के साथ गंगाजल लेने के लिए रवाना होने लगे हैं। सुबह से शाम तक कांवड़ियों की लाइन लगी रही। दूर तक कांवड़ियों के ही जत्थे दिखाई दे रहे हैं। हरिद्वार व ब्रजघाट से शिवभक्तों का गंगाजल और कांवड़ लाने का सिलसिला जारी है। सावन के आखिरी सोमवार पर कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने की उम्मीद को देखते हुए पुलिस भी सतर्कता बरत रही है। हाईवे समेत अन्य मार्गों पर पुलिस मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी निभा रही है।