अमरोहा। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले शिवभक्तों की गजरौला-धनौरा-चांदपुर मार्ग पर भीड़ है। इसके चलते इस मार्ग को यातायात पुलिस ने पूरी तरह बंद कर दिया है। मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को दूसरे वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा है।
उधर, दिल्ली हाईवे पर कांवडि़यों की भीड़ न होने के चलते शुक्रवार से रूट डायवर्जन प्लान लागू नहीं किया गया है। अब शनिवार रात से डायवर्ट प्लान लागू किया जाएगा। सोमवार और उसके बाद 23 जुलाई को शिवरात्रि होने पर प्लान 23 जुलाई की रात आठ बजे तक जारी रहेगा। पुलिस ने मुताबिक कांवडि़यों की भीड़ के मुताबिक व्यवस्था में बदलाव भी किया जा सकता है।
अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदोरिया ने बताया कि अभी सिर्फ हरिद्वार से बिजनौर होते हुए चांदपुर, धनौरा, गजरौला होकर बुलंदशहर की ओर जाने वाले कांवड़िये आ रहे हैं जबकि ब्रजघाट से गंगाजल लेने आने और जाने वाले कांवड़ियों की भीड़ अभी नहीं है। इसलिए शुक्रवार को भी हाईवे वनवे करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। भीड़ बढ़ने पर शनिवार रात से हाईवे पर रूट डायवर्जन प्लान लागू हो सकता है। इसके बाद ट्रक, कंटेनर, निजी बस, डीसीएम व अन्य भारी वाहन वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे। किसी को भी हाईवे पर नहीं आने दिया जाएगा। इसके अलावा मुरादाबाद से दिल्ली लेन पर कार, पिकअप व अन्य छोटे वाहन चलेंगे।
दिल्ली से मुरादाबाद की तरफ आने वाले वाहन भी इसी लेन पर चलेंगे। जबकि, कांवड़ियों के लिए दिल्ली से मुरादाबाद लेन आरक्षित है। हाईवे वन वे होते ही इस लेन को पूरी तरह कांवड़ियों के हवाले कर दिया जाएगा। इसके बाद इस लेन पर किसी भी तरह के वाहनों के संचालक पर पाबंदी रहेगी। वहीं, कांवडि़यों की भीड़ के मुताबिक डायवर्जन प्लान में बदलाव भी किया जा सकता है।
मालूम रहे कि दूसरे सोमवार को शिवभक्त हरिद्वार, गोमुख, गंगोत्री से गंगाजल लाकर पास के मंदिरों में भगवान भोले का जलाभिषेक करेंगे। बरेली, संभल, चंदौसी, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर के कांवड़िये ब्रजघाट से भी गंगा जल भरने आते हैं। सावन के प्रत्येक सोमवार को शिव का जलाभिषेक किया जाता है। इसके चलते शुक्रवार, शनिवार और रविवार को हाईवे पर कांवड़ियों की भीड़ रहती है।