अमरोहा। कांवड़ यात्रा शुरू हो चुकी है। इसके लिए यातायात पुलिस ने सड़क किनारे लगे खंभों पर बोर्ड लगाए हैं। जिन पर लिखा हैं धीरे चलें और अपनी लाइन में चलें। कावंड़ियों की भीड़ को देखते हुए अमरोहा-जोया मार्ग को भी वन वे किया जाएगा।
कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अतिरिक्त सावधानी बरत रही है। मार्ग के बीच में रस्सी बांधी जाएंगी और ड्रम रखे जाएंगे। जिससे वाहन एक ही लाइन में चलें। बीच-बीच में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भी रहेगी। सावन का पहला सोमवार तीन अगस्त को है। धीरे-धीरे कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने लगेगी। जिसे लेकर पुलिस ने अभी से ही सुरक्षा के इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं। जिससे किसी प्रकार की घटना न हो।
टीपीनगर से लकड़ा चौराहे तक भी सड़क के बीच में जगह-जगह रस्सी बांधी जाएंगी। जिससे कांवड़ियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। यातायात पुलिस भ्रमण पर रहेगी। भारी वाहनों को बाईपास से निकाला जाएगा। इसके अलावा अमरोहा-नौगावां मार्ग को भी वन वे किया जाएगा। हरिद्धार की ओर से भी कांवड़िएं बड़ी संख्या में कांवड़ लेकर आते हैं। इस मार्ग से स्थानीय और दूसरे जनपदों के कांवड़िए भी निकलते हैं। टीआई राजेंद्र सिंह ने बताया कि जोया मार्ग पर सुरक्षा को लेकर बोर्ड लगाए गए हैं। छोटे-छोटे मार्गों पर भी कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए वन वे किया जाएगा।
...........
स्टेशन पर बिना प्लेटफार्म टिकट के लगेगा जुर्माना
अमरोहा। रेलवे स्टेशन पर बिना प्लेटफार्म टिकट के जाने पर जुर्माना लगेगा। कांवड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे और आरपीएफ ने भी सुरक्षा का खाका खींचना शुरू कर दिया है।
अमरोहा स्टेशन से भी सैकड़ों की संख्या में कांवड़िए हरिद्वार से गंगा जल लेकर लेने के लिए जाते हैं। वैसे भी इस समय स्टेशन पर निर्माण कार्य चल रहा है। जिसे लेकर अतिरिक्त सुरक्षा बरती जा रही है। अगर कोई व्यक्ति किसी यात्री को स्टेशन पर छोड़ने के लिए आता है तो पहले उसे प्लेटफार्म टिकट लेना जरूरी है। बिना टिकट के 500 रुपये तक का जुर्माना लगेगा। अनावश्यक भीड़ होने से हादसे की संभावना बनी रहती है।
रेलवे और आरपीएफ ने इसके लिए चेकिंग शुरू की है। प्लेटफार्म पर अगर कोई व्यक्ति बिना टिकट या बिना प्लेटफार्म टिकट के मिलेगा तो उस पर जुर्माना लगाया जाएगा। प्लेटफार्म टिकट भी दो घंटे के लिए मान्य होगा। इससे अधिक समय तक रहने पर कार्रवाई की जाएगी। आरपीएफ चौकी इंचार्ज सुरेश चंद ने बताया कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। संवाद
..........