ईद के दिन नगर के सिनेमा हाल में असामाजिक तत्वों द्वारा पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सपा की नगर इकाई ने बैठक कर इसे भाजपाइयों की करतूत बताते हुए सरकार को बदनाम करने की साजिश करार दिया है तो दूसरी ओर युवा क्रांति दल ने सोमवार को नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वालों की शीघ्र्र गिरफ्तारी की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए मुस्लिम बहुल इलाकों में जुलूस भी निकाला।
सपाइयों की एक बैठक जिला सचिव हाजी तौकीर के निवास पर हुई। नगर अध्यक्ष आलम शेख ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता चुनाव के मद्देनजर प्रदेश का माहौल खराब करने पर तुले हुए हैं। उनका कहना था कि पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने के प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
इस अवसर पर सयुस अध्यक्ष नौशाद मंसूरी, पालिका सदस्य ताज अहमद, पूर्व सपा नगर अध्यक्ष भूरे जसपुरिया, तौकीर अहमद, फहीम साबरी, डा. अनीस मलिक, मुराद अली, हिकमत शेख आदि थे। वहीं युवा क्रांति दल ने जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वालों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई है। इस अवसर पर नवजोत सिंह, अंकित, शुभम, परम सिंह, प्रमोद आदि मौजूद थे।