जिला पंचायत सदस्य पुत्रवधु एवं पुत्र के अपहरण के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष पति भूपेंद्र सिंह को पत?
- फोटो : GAJRAULA
गजरौला (अमरोहा)। जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर चल रही राजनीति शांत होने का नाम नहीं ले रही है। अब एक जिला पंचायत सदस्य का उसके पति के साथ अपहरण करने का मामला सामने आया है। जिला पंचायत सदस्य के ससुर ने इस संबंध में थाने में तहरीर देकर पूर्व जिला पंचायत सदस्य पति एवं दो जिला पंचायत सदस्यों पर ही अपहरण करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता चौधरी एवं उनके पति भूपेंद्र सिंह से भी मदद करने का अनुरोध किया है।
गांव मिलक अल्लीपुर खादर निवासी सूरज सिंह खड़गवंशी पुत्र प्रहलादी ने यहां जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता चौधरी से उनके आवास पर पहुंचकर मुलाकात की। बाद में उनके पति भूपेंद्र सिंह को गजरौला थाने में दी गई तहरीर की कापी सौंपी। इसमें कहा गया है कि उनका पुत्र टेकचंद जिला पंचायत सदस्य पत्नी दयावती एवं बच्चों को साथ लेकर 13 दिसंबर को गजरौला में जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता चौधरी से मिलने आ रहा था। तभी से उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। 15 दिसंबर को टेकचंद ने अपने पिता को फोन कर बताया कि हाईवे पर गांव शहबाजपुर डोर के पास पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पति सरजीत सिंह, जिला पंचायत सदस्य रवि यादव एवं पिंटू भाटी ने उसका अपहरण कर लिया है। तहरीर में कहा गया है कि उसे अज्ञात स्थान पर रखा गया है। साथ ही धमकी दी है कि यदि तेरे पिता ने कोई कानूनी कार्रवाई की तो उसे और बच्चों को जान से मार देंगे। वहीं पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच करने की बात की है।
जिले का सर्वांगीण विकास कुछ लोगों को रास नहीं आ रहा है। यही वजह है कि वे बेवजह टांग खींचने में लगे हुए हैं और इस तरह की छिछोरी हरकतें कर रहे हैं। जनता और पुलिस--प्रशासन सभी जानते हैं कि यह किसके इशारे पर हो रहा है। अच्छा हो कि यह सब करने के बजाए अमरोहा जनपद की बेहतरी के लिए कार्य किया जाए।
- सरिता चौधरी, अध्यक्ष जिला पंचायत