अमरोहा। अमरोहा के तिगरी के गंगा घाट का विकास ब्रजघाट की तर्ज पर किया जाएगा। घाटों को सुंदर बनाने के साथ-साथ यहां पर विद्युत शवदाह गृह का भी निर्माण होगा। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में इस प्रस्ताव को एक स्वर से पास कर दिया। अब जिला पंचायत सहमति पत्र को शासन को भेजेगा। वहीं सदस्यों ने 19.83 करोड़ का बजट पास कर दिया। इसमें राज्य, 15वां वित्त के सात और मनरेगा के लेबर बजट का 12.83 करोड़ शामिल है। बैठक में अधिशासी अभियंता बिजली और अन्य कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई। प्रभारी सीडीओ ने मामले को संभाला। अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
विकास भवन के सभागार में गुरुवार दोपहर 1.20 बजे से अध्यक्ष सरिता चौधरी की अध्यक्षता में जिला पंचायत बोर्ड की बैठक शुरू हुई। अपर मुख्य अधिकारी हरमिक सिंह ने प्रस्ताव को पढ़ कर सुनाया। इसके अलावा 25 जनवरी की कार्रवाई की पुष्टि हुई। अध्यक्ष सरिता चौधरी ने कहा कि तिगरी आस्था से जुड़ी है। इसे गढ़ वाले हिस्से की तरह आकर्षक बनाया जाएगा। सीढ़ीदार घाट बनेंगे। विद्युत शवदाह गृह बनाने के प्रस्ताव पर सदस्यों ने एक स्वर में सहमति जताई। इसके बाद सदस्यों ने समस्याओं को उठाना शुरू किया। तो माहौल बिगड़ने लगा। प्रभारी सीडीओ/एडीएम वित्त और राजस्व विनय कुमार सिंह ने मामले को संभाला। उन्होंने अधिशासी अभियंता (विद्युत) को बुलाने का निर्देश दिया। लेकिन वह मीटिंग में नहीं पहुंचे। सदस्य हनीफा ने धनौरा इलाके के कुंआखेड़ा साप्ताहिक बाजार में रास्ते में ट्रांसफार्मर के मसले को उठाया। सदस्य रामपाल खड़गवंशी ने गंगेश्वरी के सुबरा गांव और हसनपुर इलाके के कुछ गांव में ट्रांसफार्मर बदले नहीं जाने पर चिंता जाहिर की। कहा कि एसडीओ फोन तक नहीं उठाते हैं। सदस्य दयावती ने गांव में सफाई नहीं होने पर नाराजगी जताई। गजरौला से सलेमपुर गोसाई मार्ग की बदहाली पर चिंता जाहिर की। अधिशासी अभियंता ने बताया कि अब आरईडी ने प्रस्ताव भेजा है। सदस्यों ने पौरारा घाट, गंगा नगर-नया पुल को भी बेहतर बनाने की मांग की। इस दौरान डीडीओ प्रदीप यादव, परियोजना निदेशक मिथिलेश तिवारी, ब्लॉक प्रमुख मीनू चिकारा, डीपीआरओ वाचस्पति झा, भाजपा नेता भूपेंद्र चौधरी, सदस्य चमन जहां, वीरवती, महेश, हरीश कुमार, राजवीर सिंह, आकिब चौधरी, खान चंद्र, रियाजुल हसन, इफ्तिखार, अंजू भारती आदि रहे।
गंगेश्वरी ब्लॉक के आसपास खाद की एजेंसी खोलें
अमरोहा। खाद के और दुकानों के खोलने की मांग सदस्यों ने की। कहा कि गंगेश्वरी ब्लॉक मुख्यालय के आस पास खाद की एजेंसी जरूरी है क्योंकि गंगवार जाना पड़ता है यह लगभग 15 किलोमीटर दूर है। ब्लॉक मुख्यालय के आस पास खाद की दुकान खुलने से राहत मिलेगी।
तिगरी में विकास के लिए एनओसी जरूरी
अमरोहा। डीएफओ रमेश चंद्र ने तिगरी में विकास कराने की मांग पर सदन को नियमों से आगाह कराया। बताया कि गैर परंपरागत काम कराने पर केंद्र सरकार के संबंधित विभाग से अनुमति लेनी जरूरी है। चूंकि तिगरी का इलाका वन्य जीव अभयारण्य का हिस्सा है।
तिगरी मेले के बारे में शासन करेगा निर्णय
अमरोहा। अपर मुख्य अधिकारी हरमिक सिंह ने बताया कि तिगरी के मेले के बारे में शासन से मार्गदर्शन मांगा गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश का यह मेला नवंबर के तीसरे सप्ताह में संभावित है। जिला पंचायत अपने स्तर से प्रयास कर रही है। आदेश मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
सामुदायिक शौचालय के लिए सदस्यों से मांगा प्रस्ताव
अमरोहा। जिला पंचायत के सदस्यों से सामुदायिक शौचालय के लिए प्रस्ताव मांगा गया। कहा कि ग्राम पंचायत की भूमि पर चार और छह सीटर शौचालय बनेंगे। एक गांव में अधिक शौचालय बन सकते हैं। बिजली पानी समेत अन्य सुविधाएं रहेंगी। ग्राम पंचायतें को मेंटीनेंस का जिम्मा दिया जाएगा।