देहात थानाक्षेत्र के नन्हेड़ा पुलिस चौकी से 30 मीटर दूर दुकान में लगे नकब को दिखाता सराफ
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। बेेखौफ चोरों ने नन्हेड़ा चौकी से महज तीस मीटर दूर सराफ की दुकान में नकब लगाकर नकदी जेवरात सहित पांच लाख का सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी बुधवार की सुबह हुई तो कारोबारी के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल की। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
देहात थाना क्षेत्र के गांव मिलक घंसूरपुर निवासी राकेश सैनी यहां सराफ की दुकान चलाते हैं। उनकी दुकान नन्हेड़ा पुलिस चौकी से मात्र 30 मीटर दूर है। मंगलवार की शाम राकेश रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। लेकिन, रात में किसी समय चोरों ने दुकान में पीछे से नकब लगा लिया और 50 हजार रुपये की नकदी और सोना-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। बुधवार सुबह को जब राकेश दुकान पर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। दुकान के पीछे से नकब लगा हुआ था। अलमारी से नकदी और जेवरात गायब थे। चोरी की खबर मिलते ही स्थानीय दुकानदारों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पीड़ित राकेश सैनी ने पांच लाख रुपये का सामान चोरी होने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।