अमरोहा रामलीला मैदान पर लगी नुमाइश में झूले की चपेट में आकर घायल हुए युवक को देखते परिजन। अमर उजाला
आंधी के झोकों से नुमाइश में लगे बड़े झूले के गिरते ही अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। हादसे में 50 से अधिक घायलों को देखकर चीख-पुकार मच गई और जिसे जहां जगह मिली भागने लगे। हादसे की सूचना पाकर शहर में खलबली मच गई। कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात कर दी गई है। शहर के रामलीला मैदान में विकास प्रदर्शनी एवं नुमाइश लगी है। रोजाना की तरह शनिवार की रात भी बड़ी संख्या में बालक, बड़े एवं महिलाएं नुमाइश में मौजूद थे।
रात करीब साढ़े नौ बजे आई तेज आंधी के झोकों ने नुमाइश में लगे बड़े झूले को हिला कर रख दिया और कुछ ही देर में झूला नीचे गिर गया। पास में चल रहे मिकी माऊस, दुकानें और तमाम लोग झूले की चपेट में आ गए। नुमाइश मेले में झूला गिरने से भगदड़ मच गई। मनोरंजन करने आए बालक, बड़े एवं महिलाएं जान बचाकर भागने लगे। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया जबकि गंभीर रूप से घायल करीब 12 लोगों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कई थानों की पुलिस बुलाई गई। उधर, गजरौला में नन्हे निवासी धुनपुरी की बेटी पूनम 13 और तुषार 5 साल का है। कमरे के आगे की दीवार चुनवाई थी, आंधी में गिर गई। इसमें दोनों घायल हो गए। निजी नर्सिंग होम में इलाज कराया जा रहा है।