फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ईओ को धमकाने के आरोप में जोया नगर पंचायत अध्यक्ष के पति को भेजा जेल

विज्ञापन
डिडौली पुलिस की गिरफ्त में जोया नगर पंचायत अध्यक्ष पति जाहिद हुसैन। - फोटो : JPNAGAR
विज्ञापन
अमरोहा। जोया नगर पंचायत की ईओ दीपिका शुक्ला प्रकरण की गूंज शासन तक पहुंच गई है। डीएम कार्यालय में बेहोश होने के बाद उनकी हालत में सुधार है। ईओ ने जोया नगर पंचायत अध्यक्ष के पति पर फर्जी बिल पास कराने का दबाव बनाने, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। डीएम उमेश मिश्र ने प्रकरण को गंभीरता से लिया। बाद में ईओ की तहरीर पर अध्यक्ष के पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मंगलवार को पुलिस ने अध्यक्ष पति को न्यायालय में पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन

जोया नगर पंचायत का चार्ज ग्रहण करने के बाद ईओ दीपिका शुक्ला लगातार सुर्खियों में रहीं हैं। अतिक्रमण हटाने को लेकर कांग्रेस नेता ने उनके साथ अभद्रता की। इस प्रकरण में नेता को जेल जाना पड़ा। इसके बाद अतिक्रमण हटाने को लेकर दुकानदार और ठेला मालिकों ने हल्ला बोल दिया। तमाम कारोबारी उनके सरकारी आवास पर पहुंच गए। इस दौरान रात में ही ईओ को जोया छोड़कर अमरोहा आना पड़ा। वह एक होटल में रुकीं थी। पिछले दिनों ईओ के खिलाफ सभासद लामबंद हो गए। शनिवार दोपहर ईओ दीपिका शुक्ल कलक्ट्रेट आईं और डीएम को आपबीती बता रही थीं। तभी वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। वह घबराई हुईं थीं। इस दौरान उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। डीएम के निर्देश पर ईओ दीपिका शुक्ला को सुरक्षा मुहैया कराई गई है।
फिलहाल उनके स्वास्थ्य में सुधार है। सोमवार शाम ईओ ने नगर पंचायत अध्यक्ष नजमा के पति जाहिद हुसैन के खिलाफ तहरीर दी। आरोप लगाया कि वह 25 सितंबर को अपने कार्यालय में राजकीय कार्य कर रहीं थीं, तभी अध्यक्ष पति जाहिद हुसैन वहां पहुंचा और फर्जी बिल पास कराने के लिए दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। धमकी के बाद ईओ को गहरा सदमा लगा और वह बुरी तरह डर गईं। ईओ की तहरीर पर डिडौली पुलिस ने अध्यक्ष पति जाहिद हुसैन के खिलाफ धारा 353, 386, 506 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली। इसके बाद सोमवार देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मंगलवार को पुलिस ने जाहिद हुसैन को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस मामले का संज्ञान शासन के उच्चाधिकारी भी ले रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें