अमरोहा। बुधवार को कलक्ट्रेट में आयोजित किसान दिवस में बिजली और बकाया गन्ना भुगतान का मुद्दा छाया रहा। जिस पर सीडीओ ने समय से बिजली की समस्याओं का निस्तारण करने एवं गन्ना भुगतान में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग द्वारा आयोजित किसान दिवस में किसानों ने बिजली, गन्ना भुगतान न होने, सिंचाई, नहर एवं बैंकिंग से संबंधित मुद्दे उठाए। जिस पर सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को समय से समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। किसानों ने कहा कि कई चीनी मिलों का गन्ना भुगतान बकाया है, जिससे किसान परेशान हैं और आर्थिक समस्याओं से जूझ रहे हैं। किसानों का बकाया गन्ने का भुगतान प्राथमिकता के साथ कराया जाए। वहीं, किसानों ने बिजली के बढ़े हुए बिल, बिजली कटौती, सहित अन्य समस्याओं को भी रखा। जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को समय से निस्तारण कराए जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा किसानों ने धनौरा में बंधे का शीघ्र निर्माण व नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग भी की।
इस अवसर पर उपनिदेशक कृषि डॉ. रामप्रवेश, जिला कृषि अधिकारी बबलू कुमार, डीडीओ सरिता द्विवेदी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. खुशीराम, अधीक्षण अभियंता विद्युत सुनील कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी रहे। वहीं, किसान संगठनों में भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष चौधरी रामपाल सिंह, मोहित बेनीवाल, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।