अमरोहा। पिछले दिनों हसनपुर गोशाला में हुई गोवंशीय पशुओं की मौत के बाद अब गोशालाओं के निरीक्षण में तेजी आ गई है। बुधवार को डीएम ने हसनपुर के ब्रह्माबाद स्थित गोशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोशाला में साफ-सफाई दुरुस्त न मिलने एवं दस गोवंशीय पशुओं के कुपोषित पाए जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए बीडीओ से कड़ी नाराजगी जताई।
डीएम राजेश कुमार त्यागी बुधवार को अचानक गोशालाओं के निरीक्षण को निकल गए। निरीक्षण के दौरान वह हसनपुर स्थित ब्रह्माबाद गोशाला पहुंचे। वहां करीब दस पशु कुपोषित थे और साफ-सफाई भी ठीक नहीं थी। कुछ पशु चोटिल भी थे। डीएम ने बीडीओ से नाराजगी जताते हुए चोटिल पशुओं का उपचार कराने के निर्देश दिए। साथ ही कुपोषित पशुओं को अलग रखकर पोषण युक्त आहार उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए की बीमार पशुओं का तत्काल इलाज होना चाहिए। उन्होंने सभी बीडीओ को चेताते हुए कहा कि सभी गोशालाओं में व्यवस्थाएं दुरुस्त होनी चाहिए। इसके अलावा डीएम ने काला खेड़ा स्थित चीनी मिल हसनपुर के डंपिंग ग्राउंड में लगी आग की घटना का भी मौके पर जाकर मुआयना किया गया। इस दौरान उनके साथ सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा, एसडीएम सुनीता कुमारी आदि मौजूद रहे।