गजरौला। जिला पूर्ति अधिकारी रीना कुमारी के नेतृत्व में पूर्ति विभाग की टीम ने मीरपुर के राशन डीलर के यहां छापा मारकर 61 क्विंटल अनाज की कालाबाजारी पकड़ी। उसके स्टॉक में बिलकुल भी अनाज नहीं मिला। पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर उसके खिलाफ कालाबाजारी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धनौरा के पूर्ति निरीक्षक अमित कुमार द्वारा दर्ज कराई एफआई आर के मुताबिक कालाबाजारी और घटतौली पकड़ने के लिए जिला पूर्ति अधिकारी ने टीम के साथ मीरपुर गांव में राशन डीलर फरमान के यहां छापा मारा। वह स्टॉक रजिस्टर उपलब्ध नहीं करा सका। नजदीकी गांव अटारी की दुकान भी उसकी दुकान से संबद्ध है। इस कारण उसकी दुकान पर गेहूं का 36.18 क्विंटल, चावल 25.07 क्विंटल व तीन किलो चीनी का स्टॉक होना चाहिए था, लेकिन मिला बिलकुल नहीं।
इसके अलावा टीम ने गांव के अनेकों लोगों से राशन समय पर मिलने और यूनिट के मुताबिक मिलने की जानकारी ली। जिस पर कई उपभोक्ताओं ने राशन वितरण में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया। जिस पर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।