अमरोहा। जिला स्तरीय विकास कार्य दृष्टि की बैठक में सदर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री महबूब अली ने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
मंगलवार को विकास भवन स्थित सरदार पटेल सभागार में विधायक की अध्यक्षता में हुई बैठक में उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की अनियमितता नहीं होनी चाहिए और सभी कार्य निर्धारित समय में पूरे किए जाएं। विधायक ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम को जिले की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों को जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो।
कहा कि नेडा के तहत जो सौर ऊर्जा की लाइट लगवाई जाती हैं। उनका भी निरीक्षण किया जाए कि इन लाइटों को समय से लगाया जा रहा है या नहीं। राज्य वित्त पोषित योजना की एक सूची तैयार की जाए। जिसकी अगली बैठक में समीक्षा की जाएगी। निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में विधायक समरपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य और विकास कार्यों से संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।