अमरोहा। साइबर अपराधियों ने शेयर बाजार में पैसा निवेश कर मोटा मुनाफा देने का झांसा देकर दरोगा से 9.43 लाख रुपये ठग लिए। बाद में रुपये वापस करने के नाम पर पांच लाख रुपये की और मांग की। मामले में धोखाधड़ी व आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मूलरूप से गाजियाबाद जनपद में कविनगर थाना क्षेत्र निवासी दरोगा की अमरोहा के एक थाने में तैनाती है। उन्होंने बताया कि 12 फरवरी को उनके पास दो अनजान नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आई। फोन करने वाली महिला ने खुद को अपस्टोक इंवेस्टमेंट कंपनी का असिस्टेंट बताया और कंपनी में निवेश की गई रकम पर रोजाना पांच से दस प्रतिशत रिटर्न देने का झांसा दिया।
बताया कि 13 मार्च को अपस्टोक वैल्यू एडेड प्लान इनफॉरमेशन शेयरिंग ग्रुप में जोड़ लिया। जिसमें कुछ लोग शेयर बाजार में इंवेस्ट करने की बात कर रहे थे। इसके बाद कॉल करने वाली महिला ने दरोगा को एप्लीकेशन रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरकर अकाउंट खुलवा दिया। आरोप है कि बाद लिंक भेजकर प्ले स्टोर से एप्लीकेशन डाउनलोड करने के लिए कहा। इस एप्लीकेशन का नाम यूएसप्रो है। लिहाजा, दरोगा ने महिला के कहने पर उसके बताए गए खाता नंबरों में अलग-अलग तिथि पर कुल 9.43 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जबकि, महिला के बताए प्ले स्टोर से डाउनलोड कराए गए एक एप पर कुल जमा 7 लाख 53 हजार 775 रुपये जमा दिखाए जा रहे थे। इसके बाद दरोगा ने महिला से अपने रुपये वापस निकलने का तरीका पूछा तो उसने क्रेडिट स्कोर कम बताकर रुपये निकालने से इन्कार कर दिया। इसके बाद महिला ने पांच लाख रुपये और जमा करने के लिए कहा। यह स्पष्ट कर दिया कि जब तक पांच लाख जमा नहीं करेंगे तब तक रुपये नहीं निकाल पाएंगे।
जिस पर दरोगा को ठगी का एहसास हुआ। शुक्रवार को दरोगा ने साइबर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी में आईटी एक्ट के तहत मोबाइल नंबरों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस जांच कर रही है।