अमरोहा। जिले में सोमवार को मतदान के दौरान पोलिंग बूथ पर प्रधान पद के दो उम्मीदवारों और समर्थकों के बीच संघर्ष तथा इस बीच मतदान प्रभावित होने के मामले में रजबपुर थाने के इंस्पेक्टर और पपसरा चौकी इंचार्ज को एसपी ने निलंबित कर दिया है। इंस्पेक्टर और दरोगा को दोनों पक्षों के बीच तनातनी के इनपुट के बाद भी संघर्ष रोकने के लिए सतर्कता न बरतने का दोषी माना गया है।
एसपी सुनीति ने बताया कि मतदान के दौरान रजबपुर थाना क्षेत्र के आरिफपुर माफी में प्रधान पद के दो प्रत्याशियों अतुल कुमार और देवेंद्र सिंह के बीच संघर्ष हुआ था। सीओ धनौरा सत्येंद्र कुमार को इसकी जांच सौंपी गई थी। जांच रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ कि दोनों प्रत्याशियों के बीच पहले से तनातनी का इनपुट था। झगड़ा होने के संकेत भी थे। इसके बाद भी रजबपुर के थानाध्यक्ष अरविंद कुमार और पपसरा चौकी इंचार्ज योगेंद्र मलिक ने न तो यह जानकारी उच्चाधिकारियों को दी और न ही झगड़ा रोकने के लिए कोई निरोधात्मक कार्रवाई की। पंचायत चुनाव को सकुशल संपन्न कराए जाने के संदर्भ में उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन किया होता तो मतदान के दौरान संघर्ष रोका जा सकता था।
एसपी ने बताया कि इसी लापरवाही में इंस्पेक्टर अरविंद कुमार और चौकी इंचार्ज योगेंद्र मलिक को निलंबित किया गया है। नियमानुसार विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।