मंडी धनौरा(अमरोहा)। बीती 31 मार्च को क्षेत्र के गांव पालनपुर के पास नहर की पटरी पर मिला शव नोएडा के मनीष खारी का था। मृतक मनीष खारी पर दिल्ली और नोएडा में लूट आदि के कई मुकदमे दर्ज हैं। थाना पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट से उसकी शिनाख्त हो पाई है।
थाना क्षेत्र के गांव पालनपुर के पास नहर की पटरी पर बीती 31 मार्च को एक युवक का रक्तरंजित शव मिला था। काफी प्रयास के बावजूद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। थाना पुलिस ने मृतक का फोटो सोशल मीडिया व पुलिस के कंट्रोल रूम को भेज दिया था। सोशल मीडिया से जानकारी होने पर परिजनों ने थाने में संपर्क किया और मृतक की शिनाख्त मनीष खारी के रूप में की। प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह ने बताया कि जानकारी करने पर मालूम हुआ कि मृतक मनीष खारी अपराधिक प्रवृति का था और मार्च के अंतिम सप्ताह में दिल्ली में हुई 24.85 लाख रुपये की लूट में अपने साले के साथ नामजद था। उसका साला दिल्ली में जेल में है। पुलिस सूत्रों के अनुसार लूट की सारी रकम मनीष के पास थी और वह 30 मार्च को ही मेरठ के थाना हस्तिनापुर क्षेत्र के एक गांव में अपने दोस्त के पास आया था। प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह का कहना है कि विवेचना की जा रही है।