अमरोहा। अतरासी रोड स्थित बैंक्वेट हाॅल में सखी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री फाउंडेशन के तत्वावधान में उद्यमी जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के सहयोग से किया गया, जिसमें महिला तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के उद्यमियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और व्यवसायिक अवसरों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत चैंबर की फाउंडर चंदाकिरण सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित करके की। नेशनल एससी-एसटी हब द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए उद्यमियों को सार्वजनिक खरीद नीति के तहत अनुसूचित जाति एवं जनजाति उद्यमियों के लिए निर्धारित चार प्रतिशत खरीद और महिला उद्यमियों से तीन प्रतिशत अनिवार्य खरीद व्यवस्था के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही विक्रेता पंजीकरण प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी साझा की गई। एचएएल के मुख्य प्रबंधक डॉ. विपिन प्रकाश सिंह ने रक्षा क्षेत्र में एयरक्राफ्ट पार्ट्स की सप्लाई, खरीद-बिक्री और एचएएल में पंजीकरण प्रक्रिया के विषय में जानकारी दी। वहीं एचपीसीएल बरेली के प्रोजेक्ट मैनेजर अंविकेश ने तेल एवं ऊर्जा क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं पर प्रकाश डाला। डिप्टी एलडीएम गौरव ने बैंक ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई, जबकि डीआईसी के राजकुमार तोमर ने सरकारी ऋण योजनाओं और ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी। मंडी सचिव अरविंद कुमार ने मंडी समिति के माध्यम से सब्जी, फल और गुड़ के कारोबार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में व्यवसाय विस्तार, बैंकिंग सुविधाओं और विभिन्न सब्सिडी योजनाओं के बारे में भी उद्यमियों को जागरूक किया गया। इस दौरान एके श्रीवास्तव, सीए वासु अग्रवाल, राहुल बिंदुसार, राहुल जैन, चैंबर की को-फाउंडर ललिता सिंह, एकता सिंह, साक्षी रानी, शिखा सैनी, अनुराधा भारती, हेमलता सिंह, उषा सिंह, संतरेश मौजूद रहे।