फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: अवैध खनन रोकने गई टीम से अभद्रता

विज्ञापन
विज्ञापन
डिडौली। कोतवाली क्षेत्र में अवैध बालू खनन रोकने पहुंची खनन विभाग की टीम के साथ आरोपियों ने अभद्रता की। आरोपियों ने टीम में शामिल होमगार्डों को धमकाते हुए पकड़ी गई बालू लदी ट्राली को रोक लिया। सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। मामले में चार लोगों को नामजद करते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस की तीन टीमें आरोपियों के गिरफ्तारी के प्रयास कर रही हैं।
विज्ञापन

घटना 28 मई की रात डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव पूरनपुर के जंगल स्थित झील की है। झील में लंबे समय से अवैध रूप से बालू खनन किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी क्रम में जिला खनन अधिकारी केवी सिंह को रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि कुछ लोग झील से अवैध रूप से बालू निकालकर उसका परिवहन कर रहे हैं। सूचना पर जिला खनन अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए बालू से भरी एक ट्राली को पकड़ लिया। हालांकि, मौके पर मौजूद खनन में संलिप्त लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। कार्रवाई के बाद जिला खनन अधिकारी ट्राली को कब्जे में लेकर लौट आए। उन्होंने टीम में शामिल दो होमगार्ड और एक कर्मचारी को ट्रैक्टर-ट्राली को कोतवाली तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी। आरोप है कि रास्ते में गांव श्यौनाली निवासी अफसर, इशरत अली, अलमर जहां और हनीफ अपने कुछ साथियों के साथ पहुंचे और ट्राली को रोक लिया। जब होमगार्डों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता की और ट्रैक्टर-ट्राली को छीनने का प्रयास किया। होमगार्डों ने तत्काल घटना की जानकारी जिला खनन अधिकारी को दी। इसके बाद डिडौली कोतवाली से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया। पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलते ही आरोपी वहां से भाग निकले। मामले की गंभीरता को देखते हुए खनन विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि झील श्रेणी की भूमि से लगभग 820 घनमीटर बालू का अवैध खनन और परिवहन किया गया था। बाद में जिला खनन अधिकारी केवी सिंह की तहरीर पर डिडौली पुलिस ने अफसर, इशरत अली, अलमर जहां और हनीफ के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इसके अलावा अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
-
अवैध खनन के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-अभिषेक यादव, सीओ सिटी
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें