गजरौला में चेकिंग को गई बिजली टीम में शामिल कर्मी के साथ धक्कामुक्की के दौरान लगी भीड़।
- फोटो : GAJRAULA
गजरौला। बकाया नहीं देने पर डिसकनेक्शन को घूम रही जेई साहब सिंह के नेतृत्व वाली टीम के संग एक उपभोक्ता ने अभद्रता की। टीम में शामिल कर्मी के साथ हाथापाई भी की गई। इस दौरान वहां काफी हंगामा हुआ और राहगीरों की भीड़ लग गई। पूरा घटनाक्रम वीडियो में कैद हो गया। बाद में बिजलीकर्मी एकत्र होकर थाने जा पहुंचे। जेई की ओर से दी गई तहरीर में आरोपी के खिलाफ सरकारी कामकाज में बाधा डालने की बात भी कही गई है। विभागीय स्टाफ ने रिपोर्ट दर्ज न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
मामला मंगलवार की अपरान्ह लगभग एक बजे का है। अवर अभियंता साहब सिंह अपनी टीम में शामिल टीजीटू प्रदीप कुमार,मनोहर कुमार, संविदा कर्मी मदन सिंह, लोकेश, अर्जुन सिंह के साथ बिजली का बिल जमा नहीं करने पर डिस कनेक्शन की कार्रवाई करते हुए स्टेशन रोड पर राजकीय बालिका इंटर कालेज के निकट घूम रहे थे। आरोप है कि वहां आए एक उपभोक्ता ने टीम के साथ गालीगलौज शुरू कर दी। लाइनमैन लोकेश कुमार के साथ हाथापाई भी की। इतना ही नहीं टीम से सरकारी दस्तावेज छीनकर फेंक दिए और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान वहां काफी भीड़ लग गई और हंगामा हुआ। बाद में आरोपी वहां से चला गया। जेई ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी एक्सईएन हरीश कुमार चौधरी और एसडीओ को दी। घटना की जानकारी होने के बाद स्टाफ में रोष व्याप्त हो गया। शाम को सभी एकत्र होकर थाने जा पहुंचे और जेई की ओर से आरोपी के खिलाफ तहरीर दी गई। बताते हैं कि 14 मार्च को लगभग 35 हजार रुपये का बिल जमा नहीं करने पर टीम ने आरोपी का कनेक्शन काट दिया था। इसी से वह बौखलाया हुआ था।
घटना बेहद निंदनीय एवं गंभीर है। यदि ऐसे ही होता रहा तो फिर राजस्व की वसूली कैसे होगी? आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कराएंगे।
हरीश कुमार चौधरी, एक्सईएन
बिजली विभाग की ओर से एक शख्स के खिलाफ नामजद तहरीर मिली है। वीडियो भी देखी है। मामले की जांच कराई जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
आरपी शर्मा, इंस्पेक्टर